समस्तीपुर। जिले के परोरिया गांव निवासी किसान उमेश दास के पुत्र रूपक कुमार ने संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई है। कभी पिता के साथ खेतों में काम करने और मंडी में सब्जियां बेचने वाले रूपक अब बड़े पर्दे पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रहे हैं। उनकी फिल्म “TAVVAI” आगामी 29 जून को Jio Hotstar पर रिलीज होगी। रूपक कुमार का बचपन ग्रामीण परिवेश में बीता। आर्थिक रूप से साधारण परिवार से आने वाले रूपक खेती-किसानी के साथ-साथ सब्जियां बेचने में भी अपने पिता का हाथ बंटाते थे। हालांकि उनके मन में कुछ बड़ा करने का सपना था। इसी सपने को साकार करने के लिए वर्ष 2015 में वह हरियाणा चले गए और होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई शुरू की। वर्ष 2019 में रूपक अपने सपनों को लेकर मुंबई पहुंचे, लेकिन सफलता का रास्ता आसान नहीं था। फिल्मों में काम पाने के लिए उन्होंने लगातार ऑडिशन दिए। कई बार स्टूडियो के बाहर से ही लौटा दिया गया, तो कई बार अंतिम चरण तक पहुंचकर भी मौका नहीं मिला। संघर्ष के दिनों में उन्हें आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ा। हार न मानने वाले रूपक ने जूनियर आर्टिस्ट के रूप में काम शुरू किया और धीरे-धीरे फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनानी शुरू की। वर्ष 2022 में निर्देशक सैफ वैद्य ने उन्हें पर्सनल असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम करने का अवसर दिया। इसके बाद उनकी मुलाकात निर्देशक जयेश पवार से हुई, जिन्होंने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए फिल्म “TAVVAI” में अभिनय का मौका दिया। इस फिल्म में रूपक कुमार ने वरिष्ठ अभिनेता मनोज जोशी के साथ एक किसान की भूमिका निभाई है। फिल्म में मुख्य अभिनेता भूषण प्रधान हैं, जबकि अर्पित रांका खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे। लगभग 6 से 7 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस फिल्म की शूटिंग उज्जैन, बड़नगर, मुंबई और गुजरात के विभिन्न स्थानों पर की गई है। गांव के खेतों से लेकर मुंबई की फिल्मी दुनिया तक का रूपक कुमार का सफर यह साबित करता है कि यदि इरादे मजबूत हों तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता। आज उनकी सफलता समस्तीपुर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। Post navigation अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पटेल मैदान के इंडोर हॉल में योग शिविर आयोजित मुसरीघरारी में मुजाहिद-उल-इस्लाम मोहर्रम कमिटी के नए कार्यालय का उद्घाटन, तैयारियों पर हुई चर्चा