मुसरीघरारी/समस्तीपुर। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार से गांजा मिलने और बाद में गांजा गायब होने की चर्चा के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने रविवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन पैकेट में करीब 25 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में मनोज चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार से कथित रूप से गांजा गायब होने के मामले में कार चालक, कार मालिक और अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हादसे के बाद कार से गांजा मिलने की चर्चा जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे समस्तीपुर की ओर से आ रही एक हुंडई कार मुसरीघरारी-समस्तीपुर मुख्य सड़क पर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण कार को आगे ले जाना संभव नहीं था। हादसे के बाद कार में सवार दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों को घटना पर संदेह हुआ। लोगों द्वारा कार की तलाशी लिए जाने पर उसमें बड़ी मात्रा में गांजा होने की चर्चा सामने आई। इसके बाद मौके पर गांजा निकाल लिए जाने की भी चर्चा होने लगी। सूचना मिलने पर मुसरीघरारी थाना से सब इंस्पेक्टर अल्का विश्वास अपने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार सवार दोनों व्यक्ति वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने छापेमारी कर 25 किलो गांजा किया बरामद मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच और छापेमारी तेज कर दी। इसी क्रम में रविवार सुबह मुसरीघरारी थाना के एएसआई ब्रजेश कुमार गश्ती के दौरान समस्तीपुर रोड स्थित पंचायत भवन के पास पहुंचे। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मनोज चौधरी के घर छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान तीन पैकेट में करीब 25 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद मनोज चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया। कार चालक और मालिक की भूमिका की भी जांच पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। कार में गांजा कहां से लाया गया था, इसे कहां पहुंचाया जाना था और हादसे के बाद कथित रूप से गांजा गायब करने में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस कार चालक, कार मालिक तथा अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष के ड्यूटी ज्वाइन करने के अगले दिन कार्रवाई गौरतलब है कि मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पिछले कुछ दिनों से अवकाश पर थे। शनिवार को ही उन्होंने दोबारा ड्यूटी ज्वाइन की थी। इसके अगले दिन रविवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 25 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष के ड्यूटी ज्वाइन करने और पुलिस की कार्रवाई के बीच कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं किया गया है। हालांकि, उनके वापस ड्यूटी संभालने के अगले ही दिन इस मामले में पुलिस कार्रवाई सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर आगे और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। Post navigation सरायरंजन में स्वर्ण संघर्ष मोर्चा की बैठक, 7 अक्टूबर को समस्तीपुर में विशाल प्रदर्शन का ऐलान क्रिकेट खेलने के दौरान विवाद, विकेट से राजद नेता के सिर पर हमला