Screenshot

समस्तीपुर:
समस्तीपुर नगर निगम शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। सड़क किनारे अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम द्वारा समय-समय पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई भी की जाती है। लेकिन अब एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने नगर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुफस्सिल थाना के मुख्य गेट से सटे ओवरब्रिज के बगल में, समस्तीपुर-मोहनपुर मुख्य सड़क पर नगर निगम की एक टैंकर गाड़ी लंबे समय से खड़ी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह टैंकर सड़क के एक हिस्से को घेरकर खड़ी है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब नगर निगम दूसरों के अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई करता है, तो अपनी ही गाड़ी द्वारा किए जा रहे कथित अतिक्रमण पर प्रशासन की नजर क्यों नहीं पड़ रही है? स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही स्थिति किसी निजी व्यक्ति द्वारा उत्पन्न की गई होती, तो अब तक कार्रवाई हो चुकी होती।

सड़क पर लंबे समय से खड़ी यह टैंकर यातायात के लिए भी खतरा बन सकती है। व्यस्त मार्ग होने के कारण किसी भी समय दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। खासकर रात के समय यह वाहन सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए जोखिम बढ़ा सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम, नगर प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए टैंकर को तत्काल सुरक्षित स्थान पर हटाया जाए, ताकि आम लोगों को हो रही परेशानी दूर हो सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

अब देखना यह होगा कि नगर निगम अपनी ही संपत्ति से जुड़े इस मामले पर क्या कदम उठाता है और सड़क को कब तक पूरी तरह अवरोध मुक्त किया जाता है।