समस्तीपुर:समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एक नया विवाद सामने आया है। रहीमपुर रुदौली स्थित वार्ड संख्या-42 में अवैध कब्जे को लेकर शिकायत करने वाले व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई शुरू होने के बाद उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, समीर चंद गौरव, पिता लक्ष्मी राम, निवासी रहीमपुर रुदौली, नगर निगम वार्ड संख्या-42, थाना मुफस्सिल, जिला समस्तीपुर ने क्षेत्र में कथित अतिक्रमण को लेकर संबंधित विभागों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद नगर निगम द्वारा मामले की जांच कर अतिक्रमण हटाने को लेकर नोटिस जारी किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नोटिस जारी होने के बाद कुछ लोगों द्वारा उन्हें फोन कर धमकाया गया। उनका कहना है कि कॉल करने वाले ने उनसे पूछा कि उन्होंने नगर निगम और पुलिस प्रशासन के पास शिकायत क्यों की तथा शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई। समीर चंद गौरव ने बताया कि कथित धमकी भरी बातचीत की रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है, जिसे उन्होंने पुलिस को उपलब्ध करा दिया है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान इस प्रकार की घटनाएं चिंता का विषय हैं। लोगों का मानना है कि यदि कोई नागरिक सार्वजनिक हित में शिकायत करता है तो उसे सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए। Post navigation अतिक्रमण हटाने में सख्त नगर निगम, लेकिन अपनी ही टैंकर बनी सड़क पर बाधा! समस्तीपुर में राजद कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन