मुसरीघरारी, समस्तीपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों एवं मोजाहिद-उल-इस्लाम मोहर्रम कमिटी के पदाधिकारियों ने मुसरीघरारी चौराहा का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय पांडे, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरायरंजन, अंचल अधिकारी सरायरंजन, कार्यपालक पदाधिकारी मुसरीघरारी, थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह तथा कमिटी के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मोहर्रम आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने चौराहा पर प्रस्तावित 20×40 फीट के स्टेज निर्माण स्थल का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को अतिक्रमणमुक्त रखने पर विशेष जोर दिया गया ताकि ताजिया जुलूस एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। प्रशासन एवं कमिटी के प्रतिनिधियों के बीच शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, चारों दिशाओं से आने वाले मार्गों पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) केंद्र की व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त महिला पुलिस बल की तैनाती, तथा पूरे आयोजन क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं कमिटी के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर कमिटी के पदाधिकारियों में नसीम अब्दुल्लाह, हाजी फिरोज, कमलेंद्र सिंह, अब्दुल हकीम, मोहम्मद साहेब जान, असरार दानिश, फनिंदर राम, अताउर रहमान, प्रमोद महतो सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने मिलकर मोहर्रम पर्व को भाईचारे, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराने का संकल्प लिया। Post navigation 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में योग शिविर, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने किया शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पटेल मैदान के इंडोर हॉल में योग शिविर आयोजित