सुंदरगढ़ (ओडिशा) | आशीर्वाद न्यूज़ ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर दो ट्रकों के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे यह भयावह हादसा हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रक झारसुगुड़ा से सुंदरगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क के बीच बने डिवाइडर को पार करते हुए विपरीत लेन में पहुंच गया। उसी समय सामने से सुंदरगढ़ से झारसुगुड़ा की ओर आ रहा एक अन्य ट्रक उससे टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद एक ट्रक का डीजल टैंक फट गया, जिससे आग की तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने दोनों ट्रकों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि दोनों चालक ट्रकों के अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। स्थानीय लोगों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों ट्रक चालक जिंदा जल चुके थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। Post navigation टीएमसी में बड़ी बगावत! 20 सांसदों के अलग होने का दावा, नई पार्टी में शामिल होने का ऐलान कोटा में छात्रों के बीच पहुंचे राहुल गांधी, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा