समस्तीपुर, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में विधि-व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने की।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षार्थियों को गेट पर फ्रिस्किंग एवं बायोमेट्रिक जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने सभी केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा एवं जैमर लगाने की प्रक्रिया 20 जून तक पूरी कर ली जाए तथा सभी उपकरणों का रिहर्सल भी कराया जाए।

डीएम ने वर्तमान मौसम और भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त शेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि अभ्यर्थियों को धूप एवं गर्मी से राहत मिल सके।

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि के लिए जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं केंद्र अधीक्षकों को सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि या रिप्लेसमेंट की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जाए।

एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर आने-जाने वाले अभ्यर्थियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान अभ्यर्थियों की गतिविधियों, पुनः प्रवेश एवं अन्य संदिग्ध परिस्थितियों पर कड़ी नजर रखी जाए ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और शुचिता बनी रहे।

बैठक में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) राजेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर दिलीप कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) प्रेम झा सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षक उपस्थित रहे। वहीं क्षेत्रीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *