पूसा/समस्तीपुर। केशवचन्द ज्ञान निकेतन के छात्र-छात्राओं ने समर कैंप के तहत डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा का शैक्षणिक परिभ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कर कृषि, पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। परिभ्रमण के दौरान छोटे बच्चों ने विश्वविद्यालय के प्रसिद्ध बोटैनिकल गार्डन का भ्रमण किया और वहां की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। विभिन्न प्रकार के फूल-पौधों और रंग-बिरंगी तितलियों को देखकर बच्चे काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को ईख अनुसंधान केंद्र के प्रोफेसर बलवंत ने विश्वविद्यालय का इतिहास, इसकी उपलब्धियों तथा कृषि क्षेत्र में उपलब्ध करियर के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को आधुनिक कृषि तकनीकों और कृषि शिक्षा के महत्व से भी अवगत कराया। प्रोफेसर बलवंत ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और जैविक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जैविक खेती न केवल पर्यावरण के लिए लाभकारी है, बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विश्वविद्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित विशेष सत्र के दौरान प्रोफेसर बलवंत ने सभी विद्यार्थियों को कम से कम एक पेड़ लगाने की शपथ दिलाई। साथ ही उन्होंने प्राकृतिक खाद्य पदार्थों के सेवन को बढ़ावा देने और प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। Post navigation समस्तीपुर पुलिस अब एक्शन मोड में, अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने दिए कड़े निर्देश भाजपा का झंडा लेकर पैदल निकले ‘अयोध्या बाबा’, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल