पटोरी/समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर धमौन गांव के निवासी एवं बिहार पुलिस के जवान श्रीराम कुमार ड्यूटी के दौरान रोहतास पुलिस लाइन में प्रशिक्षण के समय शहीद हो गए। शहीद होने की खबर मिलते ही परिवार सहित पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जाता है कि श्रीराम कुमार बिहार पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे थे और रोहतास पुलिस लाइन में प्रशिक्षण के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।
श्रीराम कुमार अपनी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना के लिए जाने जाते थे। उनके असामयिक निधन से बिहार पुलिस ने अपना एक जांबाज जवान खो दिया है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
ग्रामीणों ने कहा कि श्रीराम कुमार का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए देश और समाज की सेवा की, जिस पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

आशीर्वाद न्यूज़ डेस्क
निष्पक्ष पत्रकारिता का भरोसेमंद नाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *