पटना: राजधानी पटना के प्रतिष्ठित बिस्कोमान भवन में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग भवन की 13वीं मंजिल पर स्थित एक कार्यालय में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते धुएं और आग की लपटों ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ऊंची इमारत होने के कारण आग बुझाने में विशेष उपकरणों का उपयोग किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से 13वीं मंजिल पर स्थित बेल्ट्रॉन कार्यालय को काफी नुकसान पहुंचा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद भवन में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि आग पर काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।