Screenshot

सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र की जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत में नदी पर करोड़ों रुपये की लागत से बना पुल पिछले छह महीनों से तैयार खड़ा है, लेकिन आज तक इसे लोगों के लिए उपयोगी नहीं बनाया जा सका है। वजह है—पुल को जोड़ने वाली संपर्क सड़क का अभाव।

ग्रामीणों के अनुसार पुल निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की उम्मीद थी, लेकिन सड़क नहीं बनने के कारण पुल तक पहुंचना ही मुश्किल है। नतीजतन करोड़ों रुपये की लागत से बनी यह महत्वाकांक्षी परियोजना अभी तक आम जनता के किसी काम नहीं आ रही है।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि नए पुल से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर पहले से एक अन्य पुल मौजूद है। ऐसे में बिना संपर्क सड़क के नए पुल के निर्माण को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क निर्माण कर पुल को चालू कराने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो यह पुल विकास की मिसाल बनने के बजाय सरकारी योजनाओं की अनदेखी का प्रतीक बनकर रह जाएगा।