समस्तीपुर। समस्तीपुर पुलिस ने चोरी, झपटमारी एवं गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 22 लाख रुपये मूल्य के कुल 89 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। यह कार्रवाई बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत की गई।

पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर के नेतृत्व में तकनीकी शाखा एवं मोबाइल रिकवरी टीमों ने सूचना संकलन और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग अनुमंडलों से मोबाइल बरामद किए। एसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

इस अभियान के तहत सदर-1 टीम ने 19, सदर-2 ने 18, दलसिंहसराय ने 27, रोसड़ा ने 11, पटोरी ने 12 तथा साइबर थाना की टीम ने 2 मोबाइल बरामद किए।

समस्तीपुर पुलिस ने बताया कि अब तक जिले में करीब 4 करोड़ 46 लाख रुपये मूल्य के कुल 1,909 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। वहीं तकनीकी शाखा एवं मोबाइल रिकवरी टीम के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की भी घोषणा की गई है।

दलसिंहसराय मोबाइल रिकवरी टीम ने सबसे अधिक 15 मोबाइल तथा विद्यापतिनगर थाना की टीम ने 10 मोबाइल बरामद किए, जिसके लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

आशीर्वाद न्यूज़ से बातचीत में कई लोगों ने अपना मोबाइल वापस मिलने पर समस्तीपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया और इस अभियान की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *