हेडलाइन:
5 जुलाई से बंद रहेगा समस्तीपुर का एकमात्र रेल ओवर ब्रिज, 24 घंटे चलेगा मरम्मत कार्य; जानिए वैकल्पिक मार्ग

समस्तीपुर:
समस्तीपुर शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले एकमात्र रेल ओवर ब्रिज पर 5 जुलाई से मरम्मत कार्य शुरू होने जा रहा है। पुल की जर्जर एवं कमजोर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इसके व्यापक जीर्णोद्धार का निर्णय लिया है।

सदर एसडीओ दिलीप कुमार एवं ट्रैफिक डीएसपी आशीष राज ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि पुल की मरम्मत का कार्य चार अलग-अलग कंपनियों द्वारा युद्ध स्तर पर कराया जाएगा। कार्य 24 घंटे, तीन शिफ्टों में लगातार चलेगा। इस परियोजना को 5 जुलाई से शुरू कर 15 अगस्त से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मरम्मत कार्य के दौरान रेल ओवर ब्रिज पर सभी प्रकार के वाहनों एवं पैदल यात्रियों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया है।

वैकल्पिक मार्ग:

• मुसरीघरारी/समस्तीपुर से दरभंगा जाने वाले यात्री:
पटेल गोलंबर से बाईं ओर मुड़कर धर्मपुर होते हुए बांध मार्ग से बूढ़ी गंडक पुल के रास्ते दरभंगा की ओर जा सकते हैं।

• दरभंगा/मुक्तापुर से मुसरीघरारी आने वाले यात्री:
बूढ़ी गंडक पुल पार करने के बाद बाईं ओर रोसड़ा मार्ग में प्रवेश कर जितवारपुर होते हुए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि मरम्मत कार्य के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *