मुसरीघरारी, समस्तीपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मुसरीघरारी थाना परिसर में थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर , अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समस्तीपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरायरंजन, अंचल अधिकारी सरायरंजन, कार्यपालक पदाधिकारी मुसरीघरारी, मोजाहिद-उल-इस्लाम मोहर्रम कमिटी के पदाधिकारी एवं सदस्य, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

अधिकारी को मांगपत्र देते हुए नसीम अब्दुल्ला

बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय पांडे ने मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन तथा डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी दी। उन्होंने सभी लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पर्व को आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाने की अपील की। मुसरीघरारी चौराहा पर मोहर्रम का त्योहार 25 जून को सुबह 09:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा 26 जून को सुबह 09:00 बजे से 12:00 एवं शाम 04:00 से 07:30 बजे तक मनाया जाएगा

बैठक में शामिल पदाधिकारी

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी भ्रामक सूचना की पुष्टि प्रशासन से करने की सलाह दी गई।

इस अवसर पर सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों ने मोजाहिद-उल-इस्लाम मोहर्रम कमिटी द्वारा पिछले वर्ष मोहर्रम के दौरान किए गए उत्कृष्ट प्रबंधन, अनुशासन और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय की जमकर सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि कमिटी के सहयोग और सूझबूझ के कारण पिछले वर्ष का आयोजन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ था, जो अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक उदाहरण है।

बैठक में शामिल जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी

इस दौरान मोहर्रम कमिटी की ओर से प्रशासन के समक्ष एक विशेष मांगपत्र भी प्रस्तुत किया गया। मांगपत्र में चारों रोड में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, प्रमुख चौराहे को अतिक्रमण मुक्त कराने, सड़क किनारे वृक्षों की छंटाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस बल की तैनाती तथा अस्थायी शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

बैठक में कमिटी के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोगों में नसीम अब्दुल्लाह, हाजी फिरोज, कमलेंद्र सिंह, अब्दुल हकीम, मोहम्मद साहेब जान, असरार दानिश, फनिंदर राम, अताउर रहमान, प्रमोद महतो, होरिल, अजमल, राजा, विद्याकार झा, मंजर, अशोक रजक, विजय बैठा, अशोक अंजना, राहुल झा, फूल हसन, मो. कलाम, नूर आलम, खुर्शीद आलम, दानिश कमाल, दीपक कुमार, चंदन, तनवीर, आबिद सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

बैठक के अंत में प्रशासन एवं कमिटी के सदस्यों ने आपसी सहयोग, भाईचारे और सौहार्द के साथ मोहर्रम पर्व को सफल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *