समस्तीपुर।

पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे के प्रस्तावित रूट को लेकर प्रकाशित एक समाचार के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। युवा जनता दल (यू) के जिला अध्यक्ष विशाल कुमार ने सरायरंजन थाना में आवेदन देकर एक राष्ट्रीय समाचार पत्र में प्रकाशित खबर को भ्रामक, तथ्यहीन एवं मानहानिकारक बताते हुए संबंधित संपादक, संवाददाता और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

थाने को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि 15 जून को प्रकाशित समाचार में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी पर राजनीतिक प्रभाव का उपयोग कर पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे के प्रस्तावित रूट में बदलाव कराने का आरोप लगाया गया है। जबकि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा जारी आधिकारिक स्पष्टीकरण में स्पष्ट किया गया है कि स्वीकृत एलाइनमेंट में किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया गया है।

आवेदनकर्ता विशाल कुमार का कहना है कि बिना पर्याप्त तथ्यों की पुष्टि किए प्रकाशित खबर से न केवल उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की राजनीतिक एवं सार्वजनिक छवि प्रभावित हुई है, बल्कि सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के लोगों के बीच भ्रम और असमंजस की स्थिति भी पैदा हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास परियोजना को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा करने का प्रयास किया गया है।

युवा जदयू जिला अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

इधर, राजनीतिक गलियारों में इस आवेदन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वहीं पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। अब सबकी निगाहें जांच के निष्कर्ष और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *