सरायरंजन, समस्तीपुर। विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र की जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत के वार्ड संख्या 5 की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। यहां करीब 400 से अधिक परिवार आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक पहुंचने के लिए कोई पक्की सड़क नहीं है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। कीचड़ और जलजमाव के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। बीमारों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों को स्कूल भेजने और किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण की मांग कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि वर्षों से उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष न करना पड़े। अब सवाल यह उठता है कि जब विकास के दावे किए जा रहे हैं, तो आखिर सरायरंजन के इस गांव तक सड़क कब पहुंचेगी? Post navigation वार्ड स्तर पर सुनवाई, नगर पंचायत मुसरीघरारी के सहयोग शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़ एक्सप्रेस-वे रूट को लेकर प्रकाशित खबर पर बवाल, जदयू नेता ने संपादक व संवाददाता पर एफआईआर की मांग की