विद्यापतिनगर, समस्तीपुर। मऊ बाजार में दुकान खाली कराने को लेकर हुए विवाद के दौरान हुई फायरिंग मामले में विद्यापतिनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस चर्चित कांड में चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार सभी अभियुक्त घटना के बाद फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए ससुराल में छिपे हुए थे।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व मऊ बाजार में एक मिठाई दुकान को खाली कराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
घटना के संबंध में दिलीप साह के आवेदन पर 14 नामजद एवं आधा दर्जन अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी।
ससुराल में छिपे थे आरोपी
थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान गोविंद कुमार सोनी के ससुराल से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मऊ बाजार निवासी:
गोविंद कुमार सोनी (पुत्र दशरथ साह)
मिथिलेश सोनी उर्फ मिथुन (पुत्र लालबाबू साह)
गोपाल सोनी (पुत्र सुरेश साह)
चन्द्रकिशोर सोनी (पुत्र शंकर साह)
शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी घटना के बाद अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहे थे। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर उनकी लोकेशन का पता लगाया गया, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष सूरज कुमार, अनुसंधानकर्ता एसआई सलीम रजा, अमृता कुमारी एवं अंगारघाट थाना की पुलिस टीम शामिल थी। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मऊ बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने राहत की सांस ली है।
आशीर्वाद न्यूज़ डेस्क
निष्पक्ष पत्रकारिता का भरोसेमंद नाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *