कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के अलीपुर क्षेत्र स्थित एक सरकारी भवन में लगी भीषण आग में लगभग 4000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (EVM) नष्ट हो गईं। यह EVM हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल की गई थीं। घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार आग दक्षिण 24 परगना जिला परिषद के प्रशासनिक भवन में लगी थी। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने और कूलिंग प्रक्रिया में लगभग 24 घंटे लग गए। घटना के बाद भवन में रखी हजारों EVM जलकर खाक हो गईं। राज्य के अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा मंत्री कौशिक चौधरी ने घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि आग सामान्य प्रतीत नहीं होती। उन्होंने बताया कि आग के फैलने के तरीके को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिसकी जांच की जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी आग लगने के कारणों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। विभिन्न दलों के नेताओं ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। Post navigation अभिजीत दीपके और सोनम वांगचुक के आंदोलन ने बढ़ाई सरकार की मुश्किलें, महाराष्ट्र से शुरू हुआ देशव्यापी अभियान असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर भारतीय वायु सेना का AN-32 विमान हादसे का शिकार