समस्तीपुर:

शहर को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह रेस नजर आ रहा है। इसी कड़ी में समस्तीपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) श्री दिलीप कुमार ने शनिवार को शहर के व्यस्ततम इलाकों का सघन निरीक्षण किया। SDO ने खुद बस स्टैंड से लेकर ताजपुर रोड तक पैदल मार्च कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया और सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाने वालों को सख्त हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने साफ तौर पर कहा कि मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण के कारण आम जनता को भारी जाम का सामना करना पड़ता है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नगर निगम और स्थानीय पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि जो लोग बार-बार चेतावनी के बाद भी सड़कों को घेर रहे हैं, उन पर कानूनी कार्रवाई की जाए और जुर्माना वसूला जाए।

भोला टॉकीज आरओबी (ROB) निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश

बस स्टैंड और ताजपुर रोड का जायजा लेने के बाद SDO श्री दिलीप कुमार सीधे भोला टॉकीज के पास बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण स्थल पर पहुँचे। उन्होंने वहाँ चल रहे काम की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के साथ बातचीत की।

SDO ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि भोला टॉकीज गुमटी बंद होने और ओवरब्रिज का काम कछुआ गति से चलने के कारण इस रूट पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। उन्होंने काम की क्वालिटी से समझौता किए बिना निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा ताकि तय समय सीमा के भीतर इस ओवरब्रिज को जनता के लिए शुरू किया जा सके और शहरवासियों को इस रोजाना के नरकीय जाम से हमेशा के लिए निजात मिल सके। इस मौके पर अनुमंडल के कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।