मुसरीघरारी/समस्तीपुर। लहरियासराय (दरभंगा) से बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने के लिए पैदल यात्रा पर निकले एक व्यक्ति, जो स्वयं को “अयोध्या बाबा” बताते हैं, को मुसरीघरारी क्षेत्र में देखा गया। बाबा के हाथ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का झंडा था और वे अपनी यात्रा जारी रखे हुए थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार बाबा के साथ एक पुलिस कॉन्स्टेबल सुरक्षा में मौजूद था तथा पीछे-पीछे एक पुलिस स्कॉर्ट वाहन भी चल रहा था। इसे लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है और कई लोग इस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

लोगों का कहना है कि एक ओर बिहार में विभिन्न श्रेणियों के वीआईपी व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और कटौती की बातें हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर एक साधु को पुलिस सुरक्षा और स्कॉर्ट वाहन उपलब्ध कराए जाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उक्त व्यक्ति को किस आधार पर सुरक्षा प्रदान की गई है और क्या यह सुरक्षा किसी विशेष आदेश के तहत दी गई है। इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल मुसरीघरारी में बाबा की यात्रा और उनके साथ चल रही सुरक्षा व्यवस्था चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोग प्रशासन से इस मामले में स्पष्ट जानकारी देने की मांग कर रहे हैं।